ग्राहक की गोपनीयता और निजता, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह नीति डेटा गोपनीयता के संबंध में आईपीपीबी द्वारा निर्धारित न्यूनतम मानकों का प्रतिनिधित्व करती है। यह लागू कानूनों और विनियमों की आवश्यकताओं के अनुरूप है तथा कुछ मामलों में उनसे अधिक कठोर है।
“व्यक्तिगत पहचान योग्य जानकारी” (“पीआईआई”) से आशय किसी आम व्यक्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, जैसे नाम, पता, ईमेल का पता, पासपोर्ट संख्या, आय, पैन, नामांकित व्यक्तियों का विवरण आदि से है, जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से, किसी निगमित संस्था के पास उपलब्ध या संभावित रूप से उपलब्ध अन्य जानकारी के साथ मिलकर किसी व्यक्ति की पहचान करने में सक्षम हो।
आईपीपीबी को सौंपे गए व्यक्तिगत डेटा का महत्व समझते हुए, बैंक इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि वह व्यक्तिगत डेटा का संग्रह, उपयोग, संरक्षण और प्रकटीकरण निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से करे।
व्यक्तिगत डेटा का संग्रह न्यायसंगत, विधिक और पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। आईपीपीबी व्यक्तियों को उनके व्यक्तिगत डेटा के उपयोग (इसे किसके साथ साझा किया जाएगा तथा इसे कहाँ भेजा जा सकता है) इन सभी पहलुओं के बारे में पर्याप्त रूप से अवगत कराएगा।
अधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों के लिए आवश्यक व्यक्तिगत डेटा, संबंधित प्रदाता से ही संग्रहित किया जाएगा। व्यक्तिगत डेटा को किसी भी अनधिकृत व्यक्ति (जिसमें आंतरिक कर्मचारी भी शामिल हैं) को उपलब्ध नहीं कराया जाएगा, न ही उन व्यक्तियों को, जिन्हें इस जानकारी की सेवा-आधारित आवश्यकता नहीं है।
आईपीपीबी द्वारा इकट्ठा या संग्रहीत व्यक्तिगत जानकारी, वर्तमान में लागू कानून के अंतर्गत किसी सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आदेश पर किसी तृतीय पक्ष द्वारा देखी जा सकती है, तथा वह जानकारी उन प्रदाताओं द्वारा भी देखी जा सकती है जिन्होंने विधिसम्मत अनुबंध के अंतर्गत यह जानकारी उपलब्ध कराई है।
आईपीपीबी, व्यक्तिगत जानकारी या प्रदाता द्वारा उपलब्ध कराई गई किसी भी जानकारी की प्रामाणिकता के लिए उत्तरदायी नहीं होगा। व्यक्तिगत डेटा को उतनी ही अवधि तक संरक्षित किया जाएगा, जितना किसी विशिष्ट व्यावसायिक गतिविधि या कानूनी / नियामकीय आवश्यकता को पूरा करने हेतु आवश्यक हो।
आईपीपीबी यह सुनिश्चित करेगा कि व्यक्तिगत डेटा तक पहुँच या उसे किसी तृतीय पक्ष को हस्तांतरित करना केवल तभी किया जाए, जब यह आईपीपीबी या उसके प्रतिनिधि और सूचना प्रदाता के बीच किए गए विधिसम्मत अनुबंध के निर्वहन हेतु आवश्यक हो, या जहाँ प्रदाता ने डेटा हस्तांतरण हेतु अपनी सहमति दी हो, तथा जहाँ उपयुक्त संविदात्मक सुरक्षा प्रावधान लागू हों। किसी भी पीआईआई डेटा के साझा किए जाने से पूर्व, तृतीय पक्ष के सुरक्षा एवं गोपनीयता नियंत्रणों की उपयुक्तता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक सतर्कता अपनाई जाएगी।
यह गोपनीयता नीति समय–समय पर परिवर्तनों के अधीन है।